विजय कौशल जी ने किया प्रतिभा जिंदल की पुस्तक का विमोचन
आगराः विख्यात श्रीराम कथा वाचक एवं राष्ट्रीय संत विजय कौशल जी महाराज ने मंगलवार को समाजसेवी एवं साहित्यसेवी प्रतिभा जिंदल की पुस्तक का विमोचन किया और सभी से आह्वान किया कि इस पुस्तक का पठन-पाठन कर पुण्य लाभ अवश्य प्राप्त करें।कोठी मीना बाजार में बने सीताधाम में इन दिनों पूज्य विजय कौशल महाराज की कथा का आयोजन हो रहा है। कथा विश्राम के समय उन्होंने प्रतिभा जिंदल द्वारा संपादित और संकलित पुस्तक “शनि सहस्रावली एवं सुंदरकांड” का विमोचन किया। बहुरंगे आवरण से युक्त इस पुस्तक में शनि सहस्त्रानामावली,शनि देव के पूजन में उच्चारण किए जाने वाले मंत्र, सुंदरकाड, बजरंग बाण, हनुमान चालीसा, श्रीराम आरती, जानकी आरती, हनुमानजी की आरती आदि प्रकाशित है। प्रतिभा जिंदल ने बताया कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार की समाज में बहुत आवश्यकता है। इस पुस्तक को जन-जन तक पहुंचाने का अधिक से अधिक प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर मंगलमय परिवार के महामंत्री राकेश अग्रवाल (आरके मार्केटिंग),अध्यक्ष घनश्याम दास अग्रवाल,रूपकिशोर अग्रवाल, मुख्य यजमान सलिल जी आदि विशेष रूप से मौजूद रहे। वैचारिक जागरण मिशन ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष प्रतिभा जिंदल ट्रस्ट की वार्षिक पत्रिका वैचारिक मंथन की संपादक है। इसके अलावा उनकी प्रहार, भक्ति गंगा, आगरा के शिव मंदिर,अग्रवंश दर्पण, आदि पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। जनकपुरी स्मारिका, बल्केश्वर महादेव मंदिर स्मारिका, जीनियल मासिक पत्रिका का वे संपादन कर चुकी हैं।अनेक सामाजिक संगठनों से जुड़ी हुई हैं। कई विशेष सम्मान उन्हें प्राप्त हो चुके हैं।वर्तमान मे पुलिस कमिश्नरेट आगरा मे फैमिली कांउसलर के रूप मे अपनी सेवायें दे रही हैं।
Jarnalist, Satish Mishra, Agra

Comments
Post a Comment