विश्व पर्यावरण दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने प्रस्तुत किया जागरूकता नाटक, लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज वन यूपी गर्ल्स बटालियन, आगरा कॉलेज, आगरा की एनसीसी कैडेट्स द्वारा लाल किला परिसर में पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई बटालियन की कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने की।कार्यक्रम की शुरुआत लाल किले के मुख्य द्वार पर एक प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक के मंचन से हुई, जिसमें कैडेट्स ने बढ़ती पर्यावरणीय समस्याओं — जैसे ग्लोबल वार्मिंग, ओजोन परत की क्षति, वनों की कटाई आदि — के प्रति जनमानस को सजग करने का प्रयास किया। नाटक में दर्शाया गया कि मनुष्यों की अनियंत्रित भौतिकवादी प्रवृत्ति किस प्रकार प्रकृति को क्षति पहुँचा रही है, साथ ही ऐसे प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने अकेले पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए।कैप्टन रीता निगम ने इस अवसर पर भारतीय संस्कृति की पर्यावरणीय अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा:"माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:" — भारतीय चिंतन में प्रकृति को संसाधन नहीं, बल्कि पूज्य जीवंत तत्व माना गया है।उन्होंने उपस्थित सभी कैडेट्स, एनसीसी स्टाफ एवं आमजन से यह संकल्प भी दिलवाया कि हर जन्मदिन पर एक पौधा अवश्य लगाया जाएगा और उसका संरक्षण भी किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक के उपरांत एनसीसी कैडेट्स ने एक जागरूकता रैली निकाली, जो लाल किले से प्रारंभ होकर वन यूपी गर्ल्स बटालियन तक पहुँची। कैडेट्स हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित आकर्षक स्लोगनों और संदेशों वाले प्लेकार्ड्स लिए हुए थे। कुछ प्रमुख नारे थे:
“धरती माता करे पुकार, स्वच्छ सुंदर पर्यावरण की दरकार”
“पेड़ लगाएं जीवन बचाएं, इस धरती को स्वर्ग बनाएं”
“पर्यावरण का रखें ध्यान, तभी बनेगा देश महान”
“धरती की बस यही पुकार, पेड़ लगाओ बारम्बार”
रैली के उपरांत बटालियन परिसर में पौधारोपण किया गया, जिसमें कैप्टन रीता निगम, लेफ्टिनेंट सरिता चौहान, पी.आई. स्टाफ तथा समस्त एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।यह आयोजन भारतीय संस्कृति की उस स्थायी चेतना का स्मरण था जो पर्यावरण को सह-अस्तित्व, संरक्षण और श्रद्धा का प्रतीक मानती है। कैडेट्स का यह प्रयास निश्चित ही समाज में सकारात्मक संदेश देने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।
Jarnalist, Satish Mishra, Agra

Comments
Post a Comment