संगीतमय सुंदरकांड पाठ में बही भक्ति की स्वर लहरियां, बाबा के भव्य फूल बंगले ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर
आगरा, शनिवार को प्राचीन दक्षिणमुखी संकट मोचन हनुमान मंदिर, माल रोड में आयोजित संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या ने श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित कर दिया,मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें बाबा के दर्शन के लिए उमड़ती रहीं, ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भक्त बाबा के दरबार से लौटना ही नहीं चाहते हों,इस अवसर पर बाबा का अलौकिक एवं भव्य फूल बंगला विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। रंग-बिरंगे पुष्पों एवं मनोहारी श्रृंगार से सजे बजरंगबली के दिव्य दर्शन कर श्रद्धालु गदगद हो उठे, पूरे मंदिर परिसर में जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष निरंतर गूंजते रहे। संगीतमय सुंदरकांड पाठ के दौरान भजन गायक रजत शमशाबादी ने अपनी मधुर स्वर लहरियों से ऐसा समां बांधा कि भक्त श्रीराम और बजरंगबली की भक्ति में पूरी तरह सराबोर हो गए,भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और वातावरण भक्तिमय ऊर्जा से भर उठा। मंदिर के महंत योगेश भारद्वाज ‘छोटे गुरुजी’ ने अपने आशीर्वचन में कहा कि, हनुमान जी की सच्चे मन से की गई आराधना भक्तों के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है, सुंदरकांड का पाठ व्यक्ति के जीवन से भय, संकट और निराशा को दूर कर आत्मबल प्रदान करता है।समाजसेवी श्याम भोजवानी ने कहा कि,ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और आस्था को मजबूत करने का कार्य करते हैं, बाबा के दरबार में आकर हर भक्त आत्मिक शांति का अनुभव करता है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महंत योगेश भारद्वाज,विवेक गर्ग, पायल गर्ग, समाजसेवी श्याम भोजवानी,रचित वाधवा,अमित कपूर, गोपाल शुक्ला, मनोज गुप्ता, माधव भारद्वाज, पंकज कुमार, अजय कुमार सिसोदिया, रामनिवास गुप्ता, टीकम सिंह, संजय कोहली,सत्तो, अरुण, दीपक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment