श्रीमती बी.डी. जैन गर्ल्स पी.जी. डिग्री कॉलेज, आगरा के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के अंतर्गत मनोविज्ञान विभाग द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन


 आज दिनांक 09.10.2026 को श्रीमती बी.डी. जैन गर्ल्स पी.जी. डिग्री कॉलेज, आगरा के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के अंतर्गत मनोविज्ञान विभाग द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मनोविज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. साक्षी प्रिया गिरि के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उ‌द्देश्य छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं को समझने तथा उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपने पोस्टरों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के महत्त्व, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, सकारात्मक सोच तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता जैसे विषयों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी सृजनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्त्वपूर्ण संदेश समाज तक पहुँचाने का अवसर प्राप्त हुआ।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्त्व के विषय में जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य के समान ही महत्वपूर्ण है तथा तनाव, चिंता अवसाद एवं अन्य मानसिक समस्याओं के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। साथ ही छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु भारत सरकार की टेली-मानस (Tele-MANAS) हेल्पलाइन नंबर 14416 के विषय में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मानसिक तनाव अथवा भावनात्मक कठिनाइयों की स्थिति में इस हेल्पलाइन के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता एवं परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। छात्राओं को आवश्यकता पड़ने पर सहायता लेने, अपनी समस्याओं को साझा करने तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मिथकों और सामाजिक संकोच को दूर करने के लिए भी प्रेरित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना अग्रवाल जी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं को अपने मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने, तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में चयनित छात्राओं को प्राचार्या जी ‌द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस प्रकार कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता सेवाओं की जानकारी पहुँचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

अभियंता दिवस पर डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन

सिंधी सेंट्रल पंचायत आगरा द्वारा महामहिम राज्यपाल छत्तीसगढ़ के नाम जिलाधिकारी आगरा के माध्यम से एक ज्ञापन प्रेषित किया

एनसीआरएमयू (NCRMU) आगरा मंडल की द्विवार्षिक मंडलीय परिषद सभा संपन्न